धनौरी। बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धनौरी क्षेत्र में विद्युत विभाग और विजिलेंस टीम ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 घराें में बिजली चोरी पकड़ी। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिजली चोरों में खलबली मच गई।
जानकारी के अनुसार, विजिलेंस टीम ने बुधवार को धनौरी क्षेत्र के गढ़मीरपुर, राजपुर और आनेकी गांवों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान कई घरों में बिजली लाइनों से सीधे कटिया डालकर और अन्य अवैध तरीकों से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। टीम ने मौके पर ही कुल 21 घरों में बिजली चोरी पकड़ी। इस संबंध में एसडीओ अश्विनी कुमार ने बताया कि क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान 21 घरों में बिजली चोरी के मामले सामने आए हैं। सभी आरोपितों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।