हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित कटहरा बाजार में दुकान के लिए हुए विवाद में दो युवकों के बीच मारपीट हो गई। हंगामा होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। शांतिभंग में दोनों का चालान कर दिया गया।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि घटना बुधवार देर शाम की है। कटहरा बाजार स्थित अंसारी मार्केट के पास अब्दुल रऊफ निवासी अहबाब नगर और बुरहान निवासी सुभाषनगर के बीच दुकान के लिए कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों में विवाद बढ़ता चला गया। मारपीट होने के साथ ही हंगामा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों को अलग-थलग किया।
बताया कि काफी समझाने के बावजूद दोनों युवक झगड़े पर आमादा रहे और शांति व्यवस्था का उल्लंघन करते रहे, जिसके बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया। शांतिभंग में चालान कर बृहस्पतिवार की सुबह दोनों को सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।