बुधवार शाम को अचानक किया हमला, घायलों का चल रहा उपचार
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल, वनकर्मी कर रहे गश्त
संवाद न्यूज एजेंसी
लालढांग। मीठीबेरी और ढंडियानवाला गांव के बीच बुधवार की शाम गुलदार ने हमला कर दो ग्रामीणों को लहूलुहान कर दिया। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
बुधवार शाम करीब सात बजे ढंडियानवाला निवासी प्रवीण (25 वर्ष) पुत्र शौकीन सिंह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया। प्रवीण की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने हल्ला मचाया, जिसके बाद गुलदार युवक को छोड़कर ढंडियानवाला गांव की ओर भाग खड़ा हुआ। घायल प्रवीण का निजी चिकित्सक के यहां उपचार चल रहा है।
गुलदार युवक को छोड़ ढंडियानवाला गांव की तरफ भागा तो रास्ते में अपने खेत से काम कर घर लौट रही महिला सनौकता पत्नी पूरन सिंह मीठीबेरी पर हमला बोल दिया। गुलदार के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को 108 आपातकालीन सेवा की मदद से तत्काल उपचार हेतु जिला चिकित्सालय ले जाया गया।
ग्राम प्रधान कमलेश द्विवेदी ने कहा कि गुलदार के इस दोहरे हमले से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत है। श्यामपुर रेंज के रेंजर विवेक जोशी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर तैनात कर दी गई और प्रभावित इलाकों में लगातार गश्त कर रही है। गुलदार के हमले में घायल महिला को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है।