- नगर कोतवाली क्षेत्र का मामला, शांतिभंग में किया चालान
रस्सी से बांधकर युवक की पिटाई करने वाले दो गिरफ्तार
हरिद्वार। सोशल मीडिया पर युवक को बांधकर पीटने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों केा चिह्नित कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही पार्किंग संचालक का भी चालान किया गया। पुलिस के अनुसार, बुधवार की रात एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें कुछ लोग एक युवक को चोरी के आरोपी में पकड़कर हाथ-पैर रस्सी से बांधकर बुरी तरह पीटते हुए नजर आ रहे थे। वीडियो शहर कोतवाली क्षेत्र की एक पार्किंग की बताई जा रही थी। वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने तलाश शुरू कर दी गई। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि आरोपी नूतन निवासी ग्राम बिलाई, थाना हलदौर, जिला बिजनौर यूपी और रोबिन निवासी ग्राम मुंडदाना, थाना मंगलौर को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पिछले कुछ महीनों से रोड़ीबेलवाला क्षेत्र स्थित एक पार्किंग में कार्य कर रहे थे। पार्किंग संचालक ने उनका पुलिस सत्यापन नहीं कराया था। इस पर पुलिस ने पार्किंग मालिक के खिलाफ भी पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की है।