हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने ई-रिक्शा से गांजे की तस्करी करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सौरव उर्फ पुष्पा निवासी हिडोलाखाल, टिहरी गढ़वाल और हर्षित गुप्ता निवासी प्रयागराज, हाल बैरागी कैंप कनखल के पास से 2.700 किलो गांजा बरामद हुआ है। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात रोड़ीबेलवाला चौकी प्रभारी चरण सिंह गड्ढा पार्किंग क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को देखते ही एक ई-रिक्शा अचानक पीछे मुड़ गया। पुलिसकर्मियों ने तुरंत पीछा कर कुछ ही दूरी पर ई-रिक्शा को रोक लिया। तलाशी के दौरान रिक्शा चालक और उसके साथ बैठे युवक से दो बैग मिले। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि बैगों में गांजा भरा हुआ है। बैग खोलकर जांच की गई तो एक में 1.300 किलो और दूसरे में 1.400 किलो गांजा बरामद हुआ। दोनों ने बताया कि उन्होंने यह गांजा ज्वालापुर रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति से खरीदा था और इसे रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में सप्लाई करने जा रहे थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर दोनों को जेल भेज दिया गया।