लालढांग। लालढांग क्षेत्र के कटेबड़ गांव में खेतों में आए हाथी को भगाने गए किसान पर हमला कर दिया गया। किसान ने किसी तरह भागकर जान बचाई। हाथी की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
मामला बुधवार की रात करीब साढ़े बारह बजे का है। जब पूर्व प्रधान तेजेन्द्र सिंह के खेत में हाथी आ गया। पूर्व प्रधान ट्रैक्टर से हाथी को भगाने के लिए गन्ने की फसल की ओर जाने लगे तो हाथी ने ट्रैक्टर पर हमला कर दिया और पीछे से उठा लिया। जैसे ही ट्रैक्टर को छोड़ा तो पास ही बनी टीनशेड को तोड़ता हुआ ट्रैक्टर पलट गया। पूर्व प्रधान ने किसी तरह ट्रैक्टर से कूदकर पास ही बने मशरूम प्लांट में भागकर अपनी जान बचाई। उसके बाद हाथी ने प्लांट तक भी पीछा नही छोड़ा और वहीं पहुंच गया।
पूर्व प्रधान ने अपने पड़ोसी दारा सिंह को फोन कर आपबीती सुनाई तो वो भी ट्रैक्टर लेकर पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद हाथी खेत से निकला। तभी मौके पर कटेबड़ वन चौकी के सेक्शन अधिकारी गौतम राठौड़ व वन बिट अधिकारी अमित सैनी भी पहुंच गए। तब तक हाथी वहां से जा चुका था। किसान तेजेंद्र सिंह ने बताया कि हर रोज हाथी खेतों में आकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। वहीं सेक्शन अधिकारी ने बताया कि ये हाथी पिछले कई दिनों हाथी इस क्षेत्र में घूम रहा है। हाथी को रोकने के लिए गश्त बढ़ाई जाएगी।