हरिद्वार/धनौरी। कलियर थाना क्षेत्र के धनौरी बाजार में अनियंत्रित ट्रक की टक्कर लगने से सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्राॅली पलट गई। ट्राॅली के नीचे दबने से बाइक पर पीछे बैठी बुजुर्ग महिला की मौत हो गई जबकि उनका पोता गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस और आसपास के लोगों ने किसी तरह ट्राॅली के नीचे से उन्हें निकाला। घायल युवक को अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार की सुबह कनिजा (60) पत्नी अहसान निवासी मुस्तफाबाद थाना बहादराबाद अपने पोते शाहबाज के साथ मोटरसाइकिल पर कोटा मुरादनगर में अपने रिश्तेदार के यहां जा रहीं थीं। धनौरी-जसवाला मार्ग पर पहुंचते ही एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे ट्राॅली पलटकर बाइक सवार दादी-पोते के ऊपर गिर गई। ट्राॅली के नीचे दबने से कनिजा की मौके पर ही मौत हो गई। शाहबाज गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से ट्राॅली के नीचे से दोनों को निकाला। मगर बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घायल शाहबाज को एंबुलेंस से अस्पताल में भिजवाया गया। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। घायल का उपचार चल रहा है। शव को मोर्चरी में भिजवा दिया गया। तहरीर आने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।