हरिद्वार। जिले में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को मंगलवार को शपथ दिलाई जाएगी। इसके लिए हर गांवों में अपने-अपने स्तर से तैयारी की जा रही है। गांवों की नई सरकार के अस्तित्व में आने से पहले ही इन जनप्रतिनिधियों से ग्रामीणों की उम्मीदें भी परवान चढ़ गई हैं। लोग अभी से ग्राम प्रधानों को अपने यहां काम कराए जाने की सूची तैयार कराये घूम रहे हैं। जिलाधिकारी हरबंस सिंह चुघ ने सभी खंड विकास अधिकारियों को शपथ ग्रहण समारोह शांतिपूर्ण और सद्भाव के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। जिले में 308 प्रधानों को एक ही दिन शपथ दिलाए जाने का कार्यक्रम है।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव दिसंबर और जनवरी माह में हो गए थे। पहले प्रतिनिधियों का कार्यकाल संपन्न नहीं होने के कारण अभी तक नए प्रधानों को कार्यभार ग्रहण नहीं कराया जा सका था। अब पुराने प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो गया है। नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों को मंगलवार को शपथ दिलाई जाएगी। बहादराबाद की खंड विकास अधिकारी अनीता पंवार ने बताया की मंगलवार को सुबह 11 बजे नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों को शपथ दिलाई जाएगी जिसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। ब्लॉक बहादराबाद के अंतर्गत 72 ग्राम प्रधान हैं।
----------
नए ग्राम प्रधान से काफी उम्मीदें हैं। सड़कों और खड़ंजा मार्ग के निर्माण के साथ ही पेंशन नहीं बने से गरीब लोग परेशान हैं। ग्राम प्रधान को इस दिशा में काम करना अपनी प्राथमिकता बनाना होगी।
- मनोज कुमार ,सुल्तानपुर मजरी
गांव में सड़क, बिजली और पानी की समस्या गंभीर है। श्मशान घाट व कब्रिस्तान में हैंडपंप और गांव में पेंशन आदि विकास कार्यो की जरूरत है।
- अब्दुल गफ्फार, सलेमपुर रोशनाबाद
गांव में आवाजाही के लिए चौपहिया वाहन की व्यवस्था की जाए जिससे बहादराबाद से आने जाने ग्रामीणों को परेशानी का सामना न करना पड़े । समाज कल्याण विभाग से संबंधित कार्य किए जाने चाहिए।
- रोहित चौहान, रोहालकी किशनपुर
गांव में बारात घर, पंचायत घर, सड़क निर्माण और पानी की व्यवस्था होनी चाहिए। प्रधान को ऐसा काम करना चाहिए कि गरीब लोगों को अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ मिले।
जयदेव आर्य ,अलीपुर
----------
बहुत से प्रधानों को तो पता ही नहीं
पथरी। क्षेत्र के अधिकांश नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को 22 मार्च को शपथ दिलाए जाने की जानकारी नहीं होने की वजह से उनमें असमंजस की स्थिति बनी हुई है। जिला प्रशासन की ओर से 22 मार्च यानी मंगलवार को शपथ दिलाने का कार्यक्रम घोषित किया गया है। धनपुरा के दिलीप राणा, फेरूपुर के मोहल्ड़ सिंह राणा, बादशाहपुर के जाकिर अंसारी, बहादरपुर जट के गौतम, टिहरी आर्दश नगर के रविंद्र सिंह आदि ग्राम प्रधानों का कहना है कि किसी अधिकारी की ओर से उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई। जिससे उन्होंने कोई तैयारी नहीं की है। दूसरी ओर बादशाहपुर की मीरा देवी, कटारपुर की ग्राम कल्पना देवी, रानीमाजरा की सविता सैनी, शाहपुर की संगीता देवी आदि ग्राम प्रधानों ने सोमवार को कार्यकाल के अंतिम दिन सरकारी पैसे से गांवों में सफाई कराई
------------
स्वच्छता की शपथ से शुरू करेंगे कार्यकाल
नए प्रधान स्वच्छता की शपथ के साथ अपना कार्यकाल प्रारंभ करेंगे।
जिला पंचायत राज अधिकारी मोहम्मद जफर खान ने बताया कि कार्यकाल पूरी तरह स्पष्ट और स्वच्छता के साथ बीते इसलिए स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। पंचायतों की पहली बैठक 29 मार्च को होगी।