हरिद्वार। आज राष्ट्रीय खेलों की शुरूआत में देवभूमि उत्तराखंड की बेटियां हरियाणा और बेटे राजस्थान की टीमों से कबड्डी प्रतियोगिता में भिड़ेंगे। वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में शाम चार बजे कबड्डी प्रतियोगिता शुरू होगी।
राष्ट्रीय खेलों में धर्मनगरी हरिद्वार में सबसे पहले कबड्डी प्रतियोगिता शुरू होगी। इसमें देशभर के महिला और पुरुष वर्ग की आठ-आठ टीमें मैच खेलने के लिए आई हुई हैं। टीमों को पुल-ए और पुल-बी में बांटा गया है। एक पुल में चार-चार टीमों को रखा गया है। दोनों पुलों के चार-चार मैच होंगे। प्रत्येक पुल में शामिल टीम तीन-तीन मैच खेलेगी। इसके बाद हर पुल से दो-दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। सेमीफाइनल में हुए मैच की विजेता टीम फाइनल में जगह बनाएगी। बुधवार को महिला वर्ग का पहले ही मैच में उत्तराखंड की बेटियां हरियाणा के साथ खेलेंगी। पुरुष वर्ग में प्रदेश के बेटों का प्रथम मैच राजस्थान के साथ होगा। इसके लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो कोर्ट तैयार किए गए हैं। इन पर महिला और पुरुष वर्गाें के मैच खेले जाएंगे।