हरिद्वार। रायवाला (देहरादून) में तैनात एसआई अशोक शर्मा के यहां भेल सेक्टर एक स्थित आवास में बृहस्पतिवार की देर रात पत्थर एवं पटाखे जलाकर फेंके गए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार होने में कामयाब रहे। इधर, एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर कोतवाली रानीपुर के एसएसआई राकेश कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। पूरे मामले की जांच एएसपी आयुष अग्रवाल को सौंपी गई है। घटना बृहस्पतिवार देर रात की बताई जा रही है।
एसआई अशोक शर्मा का परिवार यहां भेल सेक्टर एक में रहता है। उनका बेटा नितिन शर्मा भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय है। बृहस्पतिवार की देर रात एसआई का परिवार घर में सो रहा था। इसी दौरान उनके घर के मुख्यद्वार पर जमकर पथराव हुआ और पटाखे जलाकर अंदर फेंके गए। पथराव और पटाखे जलाने से परिवार की नींद खुल गई। परिवार के सदस्य जब तक बाहर जाने की हिम्मत जुटा पाते, तब तक हमलावर फरार होने में कामयाब रहे। भाजपा नेता ने अपने पिता को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देने के साथ सिटी पुलिस कंट्रोल रूम को भी सूचना दी। देहरादून से भी एसएसपी सेंथिल अबुदई का फोन घनघनाया गया। जब एसएसपी ने रानीपुर कोतवाली के एसएसआई राकेश कुमार से घटनाक्रम के संबंध में जानकारी चाही तो उन्होंने अनभिज्ञता जताई। लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने तुरंत एसएसआई को लाइन हाजिर कर दिया। उनके स्थान पर विक्रम सिंह धामी को तैनाती दी गई है। एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच एएसपी को सौंपी गई है। आरोपियों की तलाश करने के निर्देश दिए गए हैं। इधर, भाजपा नेता के घर हुई वारदात को लेकर भाजपाई भी दिनभर घर पर जुटे रहे।