जिले में डेंगू का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। डेंगू के तीन नए संदिग्ध मरीज मिले हैं। इनमें दो मामले सरकारी और एक निजी अस्पताल से रिपोर्ट हुआ है। संक्रमण की पुष्टि के लिए मंगलवार को मरीजों की एलायजा जांच करवाई जाएगी। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. गुरनाम सिंह ने बताया कि डेंगू के तीन नए संदिग्ध मरीज मिले हैं। इसमें से दो मरीज रुड़की और एक हरिद्वार से है। उन्होंने बताया कि रुड़की के मरीजों का संयुक्त चिकित्सालय और विनय विशाल अस्पताल में उपचार चल रहा है। हरिद्वार का मरीज राजकीय मेला अस्पताल में रैपिड जांच में पॉजिटिव पाया गया है। डॉ. गुरनाम सिंह ने बताया कि दो दिनों में सात डेंगू आशंकित मरीज मिले हैं। बताया कि मंगलवार को सिविल अस्पताल रुड़की में सभी संदिग्ध मरीजों की एलायजा जांच की जाएगी।