हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में ट्रक चालकों से मारपीट कर मोबाइल फोन और पर्स छीनने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से छीना हुआ सामान बरामद कर लिया। तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 29 अगस्त को राजीव कुमार पुत्र इंद्रमन निवासी इटौआधुरा थाना बहेड़ी जिला बरेली ने शिकायत दी थी कि वह अपने बड़े भाई ओमेंद्र के साथ हरिद्वार आया था। उनका ट्रक सलेमपुर में खड़ा था। इसके लिए उन्होंने ई-रिक्शा किया। ई-रिक्शा चालक व दो अन्य लोगों ने नहर पटरी ज्वालापुर में मारपीट कर मोबाइल व पर्स छीन लिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह तनवार ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात दशहरा ग्राउंड रेगुलेटर पुल के पास से चेकिंग के दौरान आरोपी सचिन निवासी ग्राम नसीरपुर कलां थाना पथरी, विनीत निवासी ग्राम शाहपुर थाना पथरी, प्रभात कुमार निवासी ग्राम सुरकडा थाना धामपुर जिला बिजनौर हाल पता मोहल्ला नीलखुदाना ज्वालापुर को गिरफ्तार कर लिया।