हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में धोखाधड़ी के एक आरोपी को छुड़ाने के प्रयास में मुजफ्फरनगर के छपार थाने की पुलिस टीम पर हमला करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बृहस्पतिवार को आरोपी ईशांत, शिवम मलिक, अमन निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, तीन फरवरी को थाना छपार जनपद मुजफ्फरनगर में तैनात उपनिरीक्षक अनुराग सिंह टीम के साथ धोखाधड़ी के मामले में वांछित आरोपी संजय निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर को उसके आवास से गिरफ्तार कर लेकर जा रहे थे। आरोप था कि इसी दौरान संजय के पुत्र ईशांत ने अपने साथी शिवम मलिक, अमन, अनिरुद्ध, कुणाल त्यागी व अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर पुलिस टीम का पीछा किया। आरोप है कि आरोपियों ने भूमानंद अस्पताल के पास स्कॉर्पियो और थार वाहनों से पुलिस टीम की कार को टक्कर मार दी।
आरोपी को छुड़ाने और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने की नीयत से हमला किया गया। टक्कर से पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। अन्य फरार हो गए थे। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं।