हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में नशा करने से रोकने पर युवकों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा चुका है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 10 जून को सचिन पुत्र सुबीर निवासी तलाई तल्ली, पौड़ी गढ़वाल हाल ओम शांति धाम कॉलोनी, हेतमपुर सिडकुल ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि विशाल समेत 9-10 लोगों ने लाठी-डंडों और तलवारों से लैस होकर उसके भाई, जीजा और दोस्त पर जानलेवा हमला किया था। एक को हायर को सेंटर रेफर कर दिया गया था जबकि दूसरे को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि घटना में शामिल फरार आरोपी सचिन निवासी ग्राम धीगरपुर, स्योहारा बिजनौर हाल हरिद्वार ग्रीन सिडकुल को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।