हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर अंदर रखी नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। दंपती इलाज कराने दिल्ली गया हुआ था। पति-पत्नी जब लौटकर आए तो चोरी का पता चला। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र प्रसाद सिन्हा निवासी शिवालिक नगर ने पुलिस को बताया कि वे एक अगस्त को अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए दिल्ली गए हुए थे। घर पर देखरेख के लिए कोई नहीं था और ताला लगा हुआ था। 10 अगस्त को वापस लौटकर आए तो मेन गेट का टूटा होने के साथ ही अंदर पूरा सामान बिखरा हुआ पड़ा मिला। कमरों के अंदर रखी आलमारी के ताले टूटे हुए थे और 25 हजार रुपये की नकदी, सोने और चांदी के आभूषण गायब थे। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है।