हरिद्वार। भूपतवाला स्थित घनश्याम भवन आश्रम पर कब्जे की नीयत से अंदर घुसकर पुजारी और सेवक को लाठी-डंडों से पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आश्रम में भी तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एक दंपती सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रेमदास महाराज ट्रस्टी घनश्याम भवन भूपतवाला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि राम अधारा दास और उसका पुत्र मुनिन्द्र शाम शर्मा आश्रम में कब्जा करने की फिराक में रहते हैं। 27 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे राम अधारा दास, उसकी पत्नी कृणाशान शर्मा और एक अन्य व्यक्ति लाठी-डंडे के साथ आश्रम में घुस आए। पुजारी और सेवकों ने जब विरोध किया तो उन पर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमले में पुजारी आशीष, छविलाल और अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद तीनों ने आश्रम के दरवाजों और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। घटना की फुटेज देखने के लिए जब कैमरों की जांच की गई तो डीवीआर भी गायब मिला। कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।