छह अगस्त को कलियर-मेहवड़ के बीच मिले युवती के शव की शिनाख्त गढ़मीरपुर की युवती के रूप में हुई है। शिनाख्त होने के बाद उसके परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार रेखा (21) पुत्री राजू निवासी गढ़मीरपुर कोतवाली रानीपुर अपनी नानी के घर डालूवाला गई हुई थी। वह नानी के घर से 6 अगस्त को सुबह अपनी मौसी के लड़के रजत के साथ बेगमपुर कंपनी जाने के लिए निकली थी। रजत ने युवती को धनौरी अड्डे पर छोड़ दिया था। इसके बाद युवती अपने घर नहीं लौटी। परिजनों ने युवती को इधर उधर काफी तलाश किया, परंतु युवती के कुछ अता पता नहीं चल पाया। 7 अगस्त को परिजनों ने युवती की गुमशुदगी कोतवाली रानीपुर में दर्ज कराई थी। उधर 6 अगस्त की शाम को कलियर पुलिस को कलियर-मेहवड़ के बीच गंगनहर में एक युवती का शव मिला था। जिसको पुलिस ने शिनाख्त के लिए रुड़की सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया था। शनिवार को युवती की शिनाख्त रेखा पुत्री राजू निवासी गढ़मीरपुर के नाम से हुई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों सौंप दिया है। एसपी देहात स्वपन किशोर सिंह ने बताया कि युवती के शव की शिनाख्त उसके परिजनों ने कर ली है। परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।