भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की हरिद्वार में बीते 25 जुलाई को हुई शंखनाद रैली के दौरान बम रखने की झूठी सूचना बरेली से दी गई थी। कॉल डिटेल खंगालने पर यह खुलासा हुआ है। बुधवार की शाम हरिद्वार कोतवाली में तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान पर बीते 25 जुलाई को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शंखनाद रैली को संबोधित किया था। रैली से पहली रात यानि 24 जुलाई को पुलिस कंट्रोल रूम पर एक कॉल आई थी। जिसमें बताया गया था कि जसोदरपुर निवासी साबरी फरीदी विकास समिति संस्था चलाने वाले रिजवान साबरी की कार में बम रखा हुआ है, जिससे अमित शाह की रैली में धमाका किया जा सकता है। इस कॉल से शाह के दौरे को लेकर चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था में जुटी हरिद्वार पुलिस के होश उड़ गए थे। पुलिस ने सलेमपुर में रिजवान के ननिहाल से रात में ही उसे कार सहित हिरासत में ले लिया था। रातभर पूछताछ व खोजबीन के बाद मामला झूठा निकलने पर रिजवान को छोड़ दिया गया था। रिजवान ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अलावा डीजीपी और विजिलेंस में भी मामले की शिकायत की थी।
पड़ताल में सामने आया कि कॉल बरेली यूपी के पीपरा गांव निवासी मेहजान की आईडी पर निकले सिम से की गई थी। वहीं रिजवान ने अपनी तहरीर में जसोदरपुर हरिद्वार निवासी सईद और वाजिद अली पर साजिश रचने का आरोप लगाया था। एसपी सिटी प्रमेंद्र डोबाल ने बुधवार को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। नगर कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार जोशी ने बताया कि कॉल डिटेल और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।