फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश ने फिर रोके रेलवे के कदम

Sat, 02 Jul 2016 11:54 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला हरिद्वार
विज्ञापन
ट्रेन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
हरिद्वार। देहरादून  में हावड़ा गाड़ी के आगे दीवार गिरने से हुई देरी और तेज बारिश की वजह से  रेलवे विभाग ने एक बार फिर गार्डर बदलने का काम टाल दिया। विभाग की ओर से 11 घंटे के लिए ट्रैक बंद किया जाना था। बीती रात 12:40 बजे ट्रेनों का संचालन तो बंद किया गया, लेकिन कार्यक्रम बदल जाने के कारण रात  2:50 बजे से  हरिद्वार से गाड़ियों का संचालन शुरू कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि अब यह कार्य अगले आदेश तक के लिए टाल दिया गया है।
विज्ञापन

शुक्रवार की देर शाम  रेलवे विभाग ने मोतीचूर और भीमगोडा में गार्डर बदलने के चलते 11 घंटे का  रूट ब्लॉक का कार्यक्रम जारी किया था जिसमें छह गाड़ियों को रद्द किया  गया। देहरादून से चलने वाली  तीन ट्रेनों के समय में बदलाव किया व हरिद्वार से देहरादून और ऋषिकेश जाने  वाली नौ गाड़ियों का हरिद्वार स्टेशन से संचालन किया जाना तय किया था। उसके  बाद अचानक रात 10:30 बजे हावड़ा एक्सप्रेस के आगे दीवार गिर गई। जिस कारण हावड़ा, मसूरी, काठगोदाम और नंदा देवी देरी से  हरिद्वार स्टेशन पहुंची। इसके बाद अधिकारियों ने बारिश के न रुकने  पर तीन बजे के करीब ट्रैक बंदी को रद्द कर दिया और सभी ट्रेनों  का संचालन शुरू कर दिया। इससे पहले रेलवे ने 29 जून को गार्डर बदलने की योजना बनाई थी लेकिन उसे भी रद्द कर दिया गया था । अधिकारियों के इस निर्णय से गुस्साए ठेकेदार हबीब अहमद ने  कार्यस्थल पर ही खूब नाराजगी जताई। उसका कहना था कि वह काम कराने के लिए 12 लाख रुपये में किराये की मशीनें लेकर आया है, लेकिन अधिकारी बिना कोई पूर्व सूचना के काम को बार-बार टाल रहे हैं ऐसे में उसका भारी नुकसान हो रहा है। इसकी भरपाई कौन करेगा। उसने चेतावनी दी कि वह इसके लिए विभाग के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएगा।  वह अफसरों पर असहयोग करने का आरोप लगाते हुए चला गया। काम कराने के लिए मौके पर लाई गई भारी भरकम मशीनें बाद में मौके से हटा दी गईं।

वर्जन
गार्डर बदलने की पूरी तैयारी कर ली गई थी लेकिन तेज बारिश के चलते ट्रैक बंद नहीं किया गया।  बारिश रुकने के बाद ट्रैक बंदी की योजना तैयार की  जाएगी। इस बार विशेषज्ञों से बारिश की जानकारी लेने के बाद ही ट्रैक बंद  किया जाएगा। जहां तक ठेकेदार के नुकसान की बात है तो जो भी अनुबंध में लिखा होगा उसके अनुसार ही कार्रवाई की जाएगी।  
विज्ञापन

-प्रमोद कुमार, डीआरएम मुरादाबाद मंडल

रात को यात्री हुए परेशान
हरिद्वार। स्टेशन पर गाड़ियों के लेट पहुंचने पर यात्रियों को दिक्कतों का सामना  करना पड़ा। पूछताछ केंद्र पर यात्रियों की भीड़ ही बयां कर रही थी कि उनको  कितनी परेशानी हो रही थी। हावड़ा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से ढाई घंटे  लेट आई। यही हाल मसूरी, काठगोदाम व नंदादेवी का भी रहा। ट्रेन के लेट होने  से यात्री परेशान होते दिखाई दिए। यात्रियों को सूचना तक नहीं दी जा रही थी कि  ट्रेन क्यों लेट है। रेलवे का कोई भी अधिकारी व अन्य कर्मचारी यात्रियों से  बात करने तक को तैयार नहीं था। दिल्ली निवासी राधिका ने बताया कि गाड़ी का  समय 11 बजे का था डेढ़ घंटे से इंतजार किया जा रहा है। पूछताछ वाले भी  नहीं बता रहे हैं कि आखिर गाड़ी क्यों लेट है और कब आएगी। हल्द्वानी निवासी  हरीश बधानी कहते हैं कि गाड़ी का इंतजार आधे घंटे से किया जा रहा है, लेकिन  गाड़ी का कुछ पता नहीं चल पा रहा है।

दो गाड़ी रहीं रद्द
हरिद्वार।    देहरादून से सहारनपुर तक चलने वाली गाड़ी देहरादून सहारनपुर  डीएलएक्स-54341 व सहारनपुर से देहरादून तक चलने वाली गाड़ी सहारनपुर-देहरादून डीएलएक्स-54342 शनिवार को रद्द रही। ट्रैक बंदी की वजह से इनको  रद्द किया गया था। देर रात बंदी निरस्त होने के बाद इन गाड़ियों को नहीं  चलाया गया। अन्य गाड़ियों का संचालन उनके निर्धारित समय पर किया गया।  स्टेशन अधीक्षक एमके सिंह ने बताया कि देहरादून-सहारनपुर डीएलएक्स शनिवार  को रद्द रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें