- कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपवास कर किया विरोध प्रदर्शन
हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से श्री मंदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में राममंदिर में चढ़ावा चोरी पर बुधवार को कार्यकर्ताओं ने उपवास कर विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इस दौरान जिला महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमन गर्ग और ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी ने कहा कि राममंदिर में हुई चोरी से लाखों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है। इससे आमजन में भारी आक्रोश व्याप्त है। कहा कि पूर्व में केदारनाथ में सोना गायब होने का मामला हो या बदरीनाथ धाम में चोरी का मामला हो, इन सभी प्रकरणों से आमजन में रोष पनप रहा है। सरकार को चाहिए कि इन प्रकरणों की निष्पक्ष जांच कराकर असली दोषियों को गिरफ्तार किया जाए। महज छोटे कर्मचारियों पर गाज गिराकर अपनी जिम्मेदारी से न बचे। महानगर कांग्रेस महासचिव तुषार कपिल और महानगर कांग्रेस सचिव करन सिंह राणा ने कहा कि राममंदिर में चढ़ावा चोरी करने वाले असली दोषियों को सरकार बचाने का काम कर रही है जबकि सरकार को चाहिए था कि सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर मुख्य दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने का काम किया जाए। महानगर कांग्रेस कोषाध्यक्ष ओम मलिक और युवा नेता गौरव गोस्वामी ने कहा कि राममंदिर चंदा चोरी प्रकरण से भाजपा का असली चेहरा बेनकाब हो गया है। कांग्रेस का प्रण हैं कि जब तक असली दोषियों को सजा नहीं मिलेगी, तब तक कांग्रेस चुप बैठने वाली नहीं है। उपवास करने वालों में मोहित अरियाल, रितेश पांडेय, नागेश रावत, राहुल शर्मा, सन्नी कौशल, तरनजीत सिंह, गोविंद पांडेय, मनोज अग्रवाल, संजय मखीजा, डुंगर सिंह, ऋषभ गिरी आदि रहे। इस मौके पर मायापुर ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी, योगेश त्यागी, नंदन शाह आदि मौजूद रहे।