हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र के पीठ बाजार में रविवार शाम कुछ युवकों ने एक युवक और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया। आरोप है कि स्कूटी तोड़ दी और सिर पर धारदार हथियार से वार कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह नामजद व छह अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस के अनुसार, कांगड़ी निवासी निखिल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने दोस्त विकास और मोहित के साथ स्कूटी से श्यामपुर जा रहा था। शाम करीब चार बजे जब वह पीठ बाजार पहुंचे तो श्यामपुर निवासी रोहन, परवेज, राजकुमार कटारिया, नितिन, प्रिंस, नीरज और अन्य 5-6 युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी।
विरोध करने पर धारदार हथियार से उसकी स्कूटी तोड़ दी और सिर पर वार कर किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जान बचाने के लिए वह और उसके दोस्त वहां से भागे। आरोप है कि सभी ने उसका मोबाइल भी तोड़ दिया। थानाध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।