- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर गाड़ी और बाइक के बीच मामूली टक्कर के बाद विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद मिस्त्री की दुकान पर बुलाकर तीन लोगों ने युवक पर लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीट दिया। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अमन निवासी बहादरपुर जट ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पांच नवंबर को सुबह करीब 11 बजे उनकी गाड़ी में बहादरपुर जट स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाया जा रहा था। इसी दौरान पीछे से हम्माद बाइक लेकर आया और गाड़ी से टकरा गया। उसने हम्माद को नुकसान की भरपाई कराने का भरोसा देते हुए सराय ज्वालापुर स्थित संगम पैलेस के पास नफीस मिस्त्री की दुकान पर बुलाया।
आरोप है कि दोपहर करीब 12 बजे वहां फारुक, हम्माद और अफसान पहुंच गए। तीनों ने लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उस पर हमला कर दिया। उसे गंभीर चोटें आईं। तीनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। अमन ने आरोप लगाया कि सभी लोग पहले से उसके परिवार से रंजिश रखते हैं। सीओ संजय चौहान ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।