रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस को जानकारी दिए युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने परिजनों से जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, गांव सलेमपुर निवासी आशु शनिवार की रात कमरे के अंदर सो गया। इसी बीच अचानक उसकी मौत हो गई। परिजनों ने जब उसे देखा तो परिवार में कोहराम मच गया। अफवाह फैल गई कि युवक ने आत्महत्या कर ली। सुबह सूचना मिलने पर पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई तो सामने आया कि युवक ने आत्महत्या नहीं की है। बल्कि अचानक से ही उसकी मौत हो गई। गैस प्लांट चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी ने बताया कि परिजन पहले ही युवक का अंतिम संस्कार कर चुके थे। परिवार से जानकारी ली गई है। युवक ने सुसाइड नहीं किया है। संवाद