हरिद्वार। एक जनवरी से शुरू होने वाले अर्द्धकुंभ मेले को संपन्न कराने के लिए तंबुओं का शहर अस्तित्व में आने लगा है। टिबड़ी में जहां पुलिस की ट्रैफिक पुलिस लाइन बन रही है वहीं चंडी और बैरागी द्वीप में पुलिस समेत अन्य विभागों के दफ्तर अस्तित्व में आ रहे हैं। इस माह के अंत तक अधिकतर कार्यालय खोले जाने की पूरी उम्मीद है।
पुलिस की ओर से अब तक सबसे ज्यादा कार्यालय बनाए गए हैं। टिबड़ी में जहां ट्रैफिक पुलिस लाइन बनाई जा रही है वहीं बैरागी कैंप में पुलिस की मेन लाइन बनाई गई है। वायरलेस की पुलिस लाइन रोड़ी बेलवाला और अग्निशमन केंद्र की पुलिस लाइन लालजीवाला में बनाई गई है। कई थानों के अस्थाई भवन भी तैयार कर लिए गए हैं। थाने और अन्य कार्यालयों को बनाने का काम भी किया जा रहा है। नीलधारा में पर्यटन और संस्कृति विभाग की ओर से राज्य सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के साथ भारतीय संस्कृति की छटा बिखरती प्रदर्शनी लगाने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय अभी अस्तित्व में नहीं आए हैं जबकि कई अन्य विभाग की ओर से अपने-अपने विभागों के कार्यालय बनाए जा रहे हैं। मेला पुलिस के एसएसपी जगतराम जोशी ने बताया कि कई थानों के परिसर बना दिए हैं। इस माह के अंत तक सभी थाने अस्तित्व में आ जाएंगे।