मातृसदन के ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद की मेडिकल ड्यूटी का हवाला देकर एक संदिग्ध बृहस्पतिवार को मातृसदन पहुंच गया। मेडिकल के लिए पहले से एक टीम गठित है। शक होने पर स्वामी शिवानंद ने कथित डाक्टर से पूछताछ की तो उसने एक पत्र भी दिखाया। लेकिन सीएमओ ने ऐसे किसी भी चिकित्सक की डयूटी लगाने से इनकार किया है। वहीं स्वामी शिवानंद ने ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद को नुकसान पहुंचाने के लिए षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है।
खनन के खिलाफ मातृसदन के ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद पिछले 13 दिन से अनशन पर हैं। इस बीच उनके मेडिकल चेकअप के लिए कई बार डाक्टरों की टीम मातृसदन पहुंची। स्वामी शिवानंद ने ब्रह्मलीन निगमानंद की शहादत के पीछे साजिश का हवाला देकर टीम को लौटा दिया। स्वामी शिवानंद ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति खुद को डाक्टर बताते हुए मातृसदन पहुंचा। कथित डाक्टर का कहना था कि सीएमएस ने उसकी ड्यूटी ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद के मेडिकल जांच के लिए लगाई है। पत्र देखने पर उसमें न तो सीएमएस के हस्ताक्षर मिले और न पत्रांक संख्या थी। इस पर स्वामी शिवानंद ने पत्र लेकर उसे लौटा दिया। इस बाबत अमर उजाला ने जब सीएमओ बीएस जंगपांगी से बात की तो उनका कहना था कि ऐसे किसी भी चिकित्सक की ड्यूटी ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद का मेडिकल करने के लिए नहीं लगाई है। सीएमओ के इनकार से तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं।
बड़ा सवाल यह है कि खुद को डाक्टर बताकर मातृसदन पहुंचने वाला शख्स आखिर कौन था और उसे किसने भेजा था। इसके पीछे उसका मकसद क्या था। वहीं स्वामी शिवानंद ने आरोप लगाया कि ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद को जान से मारने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। संदिग्ध और उसका वाहन आश्रम के सीसीटीवी में कैद है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज सहित मामले की शिकायत पुलिस से की जाएगी।