- जीएनएम कोर्स की मान्यता पर छात्रों ने जताया विरोध, कॉलेज प्रशासन ने भविष्य संबंधी नुकसान की जिम्मेदारी लेने का दिया आश्वासन
- प्रशासन की मौजूदगी में समाप्त हुआ घेराव
बहादराबाद। रोहालकी किशनपुर स्थित केयर कॉलेज में जीएनएम कोर्स की मान्यता को लेकर पिछले दो दिनों से चल रहा छात्रों और परिषद कार्यकर्ताओं का घेराव प्रदर्शन प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में समाप्त हो गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि इंडियन नर्सिंग काउंसिल से मान्यता प्राप्त न होने के बावजूद उन्हें उचित जानकारी दिए बिना प्रवेश दिलाए गए, जिससे उनके भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।
दो दिन तक चले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान कॉलेज प्रशासन, पुलिस प्रशासन, एसीएमओ और तहसील प्रशासन के अधिकारियों के साथ तीखी नोंकझोंक भी हुई। परिषद कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी छात्र का भविष्य प्रभावित होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।
लंबी वार्ता के बाद कॉलेज प्रशासन ने लिखित और मौखिक रूप से आश्वासन दिया कि किसी भी छात्र को शैक्षणिक या भविष्य संबंधी नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर कॉलेज स्वयं जिम्मेदारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा।
जिला संगठन मंत्री अमन सिंह तोमर ने कहा कि गलत जानकारी देकर छात्रों को प्रवेश दिलाना गंभीर मामला है और आंदोलन छात्रों के अधिकारों व भविष्य की सुरक्षा के लिए किया गया। इस दौरान सूर्या प्रताप राणा, अभिजीत पाल, आशीष त्रिपाठी, पीयूष मलिक टाटा, शुभम सहित अन्य विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता मौजूद रहे।