देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज के एमएससी के छात्र चंचल सूर्यवंशी ने लगातार 134 मिनट तक शीर्षासन कर एक नया रिकार्ड बनाया। चंचल देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रार्थना सभागार में रविवार को 8.30 से 10.44 तक शीर्षासन किया।
मध्य प्रदेश के बैतूल के निवासी किसान गणपति सूर्यवंशी और ज्ञारसी के पुत्र चंचल सूर्यवंशी वर्ष 2012 से देसंविवि में अध्ययनरत हैं। तब से वे शीर्षासन का अभ्यास कर रहे हैं। पिछले वर्ष 90 मिनट तक शीर्षासन करने वाले देसंविवि के ही छात्र आदित्य प्रकाश से प्रेरित हो चंचल ने शीर्षासन के समय बढ़ाने का क्रम जारी रखा। 134 मिनट तक शीर्षासन करने के बाद चंचल का ब्लड प्रेशर, पल्स, हार्ट बीट नापी जो सामान्य पाई गई। चंचल ने भविष्य में योग के क्षेत्र में शोधकार्य कर इसे वैज्ञानिक तरीके से जन-जन तक पहुंचाने की इच्छा जताई। इस मौके पर प्रतिकुलपति डा. चिन्मय पंड्या और डा. ज्ञानेश्वर मिश्र आदि उपस्थित थे।