50 हजार रुपये चुराने के आरोप से बौखलाए एक युवक ने अपने बड़े भाई और भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी। मासूम भतीजी की भी जान लेनी चाही, लेकिन वह बच गई। आरोपी को पुलिस ने लोगों की मदद से दबोच कर हत्या में इस्तेमाल हुआ छूरा बरामद कर लिया। दिल दहला देने वाले इस दोहरे हत्याकांड से गांव में सनसनी फैल गई।
एसपी सिटी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि रानीपुर क्षेत्र के गांव दादूपुर में शुक्रवार देर रात पेशे से हकीम शहजाद (33) और उसकी पत्नी रुखसाना (32) की उसी के छोटे भाई सरताज ने छुरे से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। शहजाद का शव घर के बाहर आंगन में पड़ा मिला, जबकि पत्नी का शव कमरे में पड़ा था। सरताज ने मासूम भतीजी खुशी की भी जान लेनी चाही, लेकिन वह बच गई। माता पिता की हत्या के चश्मदीद चारों मासूम भाई बहन को एक ग्रामीण ने हिम्मत कर घर से बाहर निकाला। लोगों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी सरताज ज्वालापुर के पंजाब बैंड में गायक का काम करता है। मृतक शहजाद दो माह पहले ही जम्मू कश्मीर से यहां लौटा था। दोनों भाई एक साथ ही रह रहे थे। एसपी सिटी ने बताया कि शहजाद ने छोटे भाई सरताज पर 50 हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगाया था। इसी को लेकर उनमें शुक्रवार को विवाद भी हुआ था। इसी के चलते आरोपी ने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया है।