दुर्गंध और मच्छरों के प्रकोप से परेशान हो रहे हैं स्थानीय निवासी
सुधीर चावला
बहादराबाद। ग्राम पंचायत बहादराबाद के बीचोंबीच स्थित वह तालाब जो कभी गांव की पहचान और शान हुआ करता था आज विभागीय उदासीनता के चलते पूरी तरह से बदहाल हो चुका है। यह तालाब अब जलस्रोत न रहकर गंदगी, दुर्गंध और मच्छरों का घर बन गया है। तालाब में कूड़ा–करकट, प्लास्टिक कचरा और सड़ी-गली वस्तुओं का ढेर जमा है जिससे पूरे गांव का वातावरण दूषित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि अब यह तालाब जलस्रोत नहीं बल्कि बीमारी का केंद्र बन चुका है। बहादराबाद आबादी क्षेत्र में स्थित इस तालाब को लंबे समय से साफ नहीं किया गया है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि रिटर्निंग वॉल (बाउंड्री) न होने के कारण बरसाती पानी के साथ-साथ इसमें नालियों का गंदा पानी और घरों का कूड़ा भी आकर जमा हो जाता है। इसके चलते तालाब का पानी पूरी तरह से दूषित हो गया है और उसमें से असहनीय बदबू फैल रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि तालाब में अब मच्छरों और जहरीले जीवों का प्रकोप बढ़ गया है। कई बार सांप, गोह और अन्य विषैले जीव तालाब से निकलकर आसपास के घरों में घुस आते हैं। ग्रामवासी आशंकित हैं कि किसी दिन कोई बड़ा हादसा न हो जाए। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर कई बार खंड विकास अधिकारी और पंचायत विभाग के अधिकारियों से शिकायत की है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अधिकारियों द्वारा हर बार जल्द सफाई कराने का आश्वासन दिया जाता है मगर स्थिति ज्यों की त्यों बनी हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही तालाब की सफाई और मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे मजबूरन धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाने को विवश होंगे।
तालाब की अंतिम बार सफाई लगभग 8 साल पहले हुई थी। इसके बाद किसी भी अधिकारी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। तालाब की बदहाली से गांव के बच्चों और बुजुर्गों में बीमारियों का असर दिखने लगा है लेकिन प्रशासन की ओर से कोई स्वास्थ्य या सफाई अभियान नहीं चलाया गया। - सुशील
तालाब की सफाई तत्काल कराई जाए रिटर्निंग वॉल बनाई जाए,जिम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही का संज्ञान लिया जाए, ताकि गांव का पर्यावरण फिर से स्वच्छ और सुरक्षित बन सके। - सुमेरचंद
डेंगू, मलेरिया और अन्य जलजनित बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। अन्य गांवों में अमृत सरोवर का निर्माण हो रहा है वहीं उनके गांव की इस समस्या को अनदेखा किया जा रहा है। - कुंवरपाल
बोले जिम्मेदार
ग्राम पंचायत बहादराबाद के तालाब की सफाई को लेकर मामला संज्ञान में ले लिया गया है जल्द ही तालाब की साफ-सफाई का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। - नीरज चौहान, ग्राम प्रधान बहादराबाद