- एसएसपी नवनीत सिंह ने अपराध गोष्ठी में की अक्तूबर माह की समीक्षा
- बेहतर कार्य करने वाले 34 पुलिसकर्मियों को नवाजा
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने शुक्रवार को मासिक अपराध समीक्षा बैठक ली। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अराजक तत्वों पर समय रहते कार्रवाई करने और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेकर दबंगई दिखाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नशा तस्करों की संपत्ति अटैच करने की प्रक्रिया पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही बेहतर कार्य करने वाले 34 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया।
सैनिक सम्मेलन के समापन के बाद एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। एसएसपी ने चुनाव से पहले निरोधात्मक कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शराब और अन्य नशे का सेवन कर माहौल बिगाड़ने वाले पिल्ला गैंग के सदस्यों पर भी कार्रवाई की जाए। चुनाव से पहले सभी लाइसेंसी असलहे जमा कराने के साथ ही अवैध हथियारों की सप्लाई और इस्तेमाल पर नजर रखी जाए। सोशल मीडिया के जरिये माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश भी दिए।
एसएसपी ने हत्या समेत कुछ गंभीर मामलों का अब तक खुलासा नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए एसपी सिटी और एसपी देहात को संबंधित टीमों का पर्यवेक्षण कर जल्द खुलासा कराने को कहा। उन्होंने लंबित विवेचनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने और सीओ को हर सप्ताह इनकी समीक्षा करने के निर्देश दिए।
सीएम पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की प्रत्येक माह के अंतिम सप्ताह समीक्षा कर समय से निस्तारण सुनिश्चित करने को भी कहा। बैठक में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव, एसपी देहात अभय कुमार सिंह, एसपी सिटी दीपक सिंह समेत सभी सीओ और थाना प्रभारी मौजूद रहे।