रोशनाबाद। बीती रात सिडकुल की एक कंपनी में काम कर रहे युवक की मशीन की चपेट में आकर मौत हो गई। ग्रामीणों के विरोध के बाद युवक की मौत का मामला सामने आया है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिडकुल पुलिस के मुताबिक रमेश (20) पुत्र धनीराम निवासी हंडिया जिला इलाहाबाद सिडकुल स्थित एक कंपनी में नौकरी कर रहा था। बीते मंगलवार की रात मशीन पर काम करते समय रमेश उसकी चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक रमेश रावली महदूद में किराये के मकान में रह रहा था। आरोप है कि कंपनी संचालकों ने रात भर मामले को दबाए रखा। कंपनी में ही काम रहे अन्य कर्मचारियों ने रावली महदूद पहुंचकर रमेश की मौत की खबर लोगों को दी। मामले से गुस्साये ग्रामीणों ने कंपनी में पहुंचकर रमेश की मौत को लेकर जोरदार हंगामा किया। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची सिडकुल पुलिस ने ग्रामीणों को शांत करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया। सिडकुल थाना के कार्यवाहक प्रभारी दीपक कठैत ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच को लेकर कंपनी संचालकों से भी पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिजनों को भी मामले की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।