हरिद्वार। शुक्रवार रात को गंगा का जलस्तर बढ़ने से खड़खड़ी शमशान घाट के पास बने अस्थायी पुल के पिलरों के पत्थर बह गए। पिलरों के पत्थर बहने से पुल एक तरफ झुक गया।
अर्द्घकुंभ मेले के दौरान लोक निर्माण विभाग ने 70 लाख की लागत से खड़खड़ी श्मशान घाट को पंतद्वीप मैदान को जोड़ने के लिए अस्थायी पुल का निर्माण किया था। शुक्रवार रात को पहाड़ों और हरिद्वार में तेज बारिश के बाद गंगा का जलस्तर बढ़ गया। भागीरथी बिंदु से हरकी पैड़ी जाने वाली गंगा की अविरल धारा में तेज पानी आने के कारण अस्थायी पुल के पिलरों पर लगाए पत्थर बह गए। पत्थर बहने से पुल झुक गया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पुल पूर्णत: अस्थायी प्रकृति का था। इस पुल को स्थायी करने के प्रयास किए जा रहे थे। उससे पहले ही पुल झुक गया।