भाजपा विधायक सुरेश राठौड़ के गैस गोदाम के बाहर एम्बुलेंस में रखे शव के दौरान हंगामा करते परिजन ।
- फोटो : HARIDWAR
कनखल थाना क्षेत्र के जमालपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी के गैस गोदाम में पेड़ से लटके मिल कर्मचारी के शव को लेकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने गोदाम के बाहर शव रखकर आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गई है। परिजन आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने किसी तरह से परिजनों को समझाबुझाकर शांत किया। गैस एजेंसी भाजपा के एक विधायक की है।
बदायूं निवासी पप्पू इंडेन गैस एजेंसी में काम करता था। बताया जा रहा है कि पप्पू कई दिन से काम पर नहीं आ रहा था। शनिवार को उसका शव जमालपुर स्थित गैस एजेंसी के गोदाम परिसर में आम के पेड़ पर लटका मिला था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। रविवार को परिजन पप्पू का शव एंबुलेंस में लेकर सीधे गोदाम पर पहुंच गए और शव को सड़क पर रखकर धरना शुरू कर दिया। पप्पू के बेटे अरविंद सिंह ने आरोप लगाया कि उसके पिता की हत्या की गई है। अरविंद का कहना है कि उनके पिता पप्पू पिछले 14-15 साल से गैस गोदाम में कार्य कर रहे थे। तीन दिन पूर्व गैस गोदाम में उनका झगड़ा हो गया था। उन्हें काम से बाहर निकाल दिया गया।
हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर आ गई। एजेंसी प्रबंधन से जुड़े लोगों ने भी परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर वापस कर दिया। कनखल प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्र मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस को पप्पू के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आरोप की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।