विवाहिता की हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। परिजनों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। शव उठाने को लेकर पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने बमुश्किल लोगों को शांत कराया।
बहादराबाद थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी 30 वर्षीय दीपा की शादी तीन वर्ष पहले कोटा मुरादनगर निवासी विपिन से हुई थी। दीपा के दो साल का एक बच्चा है। जबकि वर्तमान में वह छह महीने की गर्भवती थी। आरोप है कि शुक्रवार शाम दीपा को उसके देवर रोबिन उर्फ चंद्र ने पीट-पीटकर मार दिया था। दो वर्षीय बच्चा भी गंभीर रूप से घायल कर दिया था। शनिवार को दीपा के शव का सिविल अस्पताल रुड़की में पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने शव को बहादराबाद-भगवानपुर हाईवे पर रखकर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि पुलिस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है। परिजनों की मांग थी कि आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की जाए। इस दौरान हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस बीच पुलिस और मायके पक्ष के लोगाें के बीच नोकझोंक भी हुई। एसओ पिरान कलियर धर्मेंद्र राठी ने दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, इसके बाद ही लोग शांत हुए।