हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में अंदर से बंद कमरे के अंदर युवक का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। पुलिस की जांच में मामला आत्महत्या का निकलकर सामने आया। युवक सैलून चलाता था, लेकिन काफी समय से काम ठीक न होने से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, रविवार को पुलिस को कंट्रोल रूम के जरिये सूचना मिली कि रामधाम कॉलोनी में तक्षशिला स्कूल के पास किराए पर रह रहे एक युवक ने आत्महत्या कर ली। सूचना पर थानाध्यक्ष अजय शाह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर बंद होने पर पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा। अंदर युवक का शव पंखे की कुंडी से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला, जिसे नीचे उतारा गया।
एसओ अजय शाह ने बताया कि मृतक की पहचान नीरज (18) पुत्र रामपाल निवासी ग्राम अंबेटा रिंगदान, थाना झिंझाना, शामली के रूप में हुई है। मृतक के भाई ने बताया कि नीरज रामधाम कॉलोनी में सैलून चलाता था। पिछले कुछ समय से सैलून का काम ठीक नहीं चल रहा था, जिसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था और दुकान बंद करने की बात भी कह रहा था। संभवत: इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली। मामले की जांच की जा रही है।