हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के पंजनहेड़ी में सराफा कारोबारी की दुकान में फायरिंग कर नकदी और जेवरात लूट के मामले में एक साल से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि पंजनहेड़ी में साल 2024 में एक ज्वैलर्स की दुकान पर हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग कर 60 हजार रुपये और जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। लूट के एक आरोपी को 12 अगस्त 24 में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के दौरान लूट में शामिल अपने साथियों की पहचान उजागर की थी। पुलिस ने लूट में शामिल बदमाशों को अलग-अलग क्षेत्रों से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
आरोपी मोहित निवासी महराज नगर जानसठ भोपा मुजफ्फरनगर यूपी फरार चल रहा था। आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी थी। शुक्रवार देर शाम आरोपी मोहित को गुरुकुल कांगडी अंडरपास के समीप से गिरफ्तार कर लिया गया। इंस्पेक्टर चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।