हरिद्वार। शहर में तेजी से पांव पसार रहे डायरिया को लेकर राजकीय कन्या इंटर कालेज ज्वालापुर की एनएसएस स्वयंसेवी छात्राएं लोगों को सावधानी और बचाव के तरीके बताएंगी। बुधवार को स्वास्थ्य कल्याण विभाग ने कालेज पहुंचकर छात्राओं को डायरिया के संबंध में जरूरी जानकारी दी। छात्राएं अब घूम घूमकर अपने आसपास के लोगों को डायरिया से बचाव के उपाय बताएंगी।
शहर में इस समय डायरिया तेजी से फैल रहा है। जिला अस्पताल से लेकर शहर के निजी क्लीनिकों में बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में लोगों को खान पान और बचाव के तरीकों से अवगत कराने की जरूरत है। बुधवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की एनएसएस छात्राओं को स्वास्थ्य कल्याण विभाग गुरुकुल नारसन से आए डा. दिवाकर संतवाल, डा. विजेंद्र सिंह आदि ने डायरिया से बचाव के उपाय बताए। एनएसएस की कार्यक्रम अधिकारी मीना आहूजा ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए बताया कि आसपास के लोगों को साफ सफाई को लेकर जागरूक करें। इस अवसर पर प्रधानाचार्य आशा दिनकर, हेमलता शुक्ला, अनुराधा आर्या, योग्यता नेगी, सुषमा एस, शशिबाला सुमन, अंजलि, सारिका, विशाखा, निशा, अफ्शा, अनुराधा, प्रिया, काजल आदि उपस्थित रहीं।