हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में घर के अंदर कपड़े प्रेस कर रहे एक किशोर की करंट लगने से मौत हो गई। अस्पताल में शव को पुलिस के कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजने पर परिजन व भीम आर्मी से जुड़े लोग अड़ गए और पोस्टमार्टम नहीं कराने की मांग करने लगे। मौके पर हंगामा हो गया। पुलिस के समझाने के बाद आखिर वह मान गए। तब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार की देर रात की है। पुलिस को मेट्रो अस्पताल से सूचना मिली कि एक किशोर को मृत अवस्था में लाया गया है। सूचना पर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। मृतक की पहचान प्रिंस (17) पुत्र बिनारसी दास निवासी रावली महदूद, थाना सिडकुल के रूप में हुई। पता चला कि किशोर अपने घर में कपड़े प्रेस कर रहा था। इसी बीच उसे करंट लग गया। परिजन आनन-फानन में उसे मेट्रो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर के बाहर परिजन और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पोस्टमार्टम न कराने की मांग को लेकर कुछ लोगों ने हंगामा भी किया। भीम आर्मी सहित अन्य संगठनों के कार्यकर्ता भी पहुंच गए और पोस्टमार्टम नहीं कराने की मांग करने लगे। एसओ नितेश शर्मा ने किसी तरह सभी को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद सभी मान गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया। एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।