हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र से लापता किशोरी को पुलिस ने देहरादून से सकुशल ढूंढ लिया गया है। अपहरण व दुष्कर्म के आरोप में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
वरिष्ठ उप निरीक्षक खेमेंद्र गंगवार ने बताया कि 12 सितंबर को ज्वालापुर निवासी एक महिला ने अपनी 15 वर्षीय पुत्री के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। टीम गठित जांच में लगाई गई। उसी दिन बालिका को देहरादून से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई।
लगातार निगरानी और सुराग के आधार पर 16 सितंबर को आरोपी हर्ष निवासी सोसा मंडी राजघाट थाना कनखल को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में दुष्कर्म की धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम की धारा बढ़ाई गई। बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।