नगर कोतवाली क्षेत्र में चाय विक्रेता की चाकू से हमला कर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी ने पत्नी से छेड़छाड़ और काम में दखलअंदाजी करने के कारण चाय विक्रेता की हत्या की थी। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार भारत माता मंदिर रोड पर भूमा निकेतन के सामने चाय की रेहड़ी लगाने वाले रमेश गुप्ता निवासी (35) लखीमपुर खीरी यूपी लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ सड़क किनारे मिला था। 108 एंबुलेंस की टीम जब मौके पर पहुंची तो वह दम तोड़ चुका था। पुलिस की पड़ताल में सामने आया था कि शनिवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे कूड़ा बीनने वाले से रमेश का झगड़ा हो गया था।
इसके चलते चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने मनीष कुमार निवासी गांव कलालहटी थाना गंगोह जिला सहारनपुर हाल गंगा काॅलोनी हरिपुर कलां की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
चाकू से कई वार किए
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि दीपक यादव निवासी ग्राम हडिया जिला इलाहाबाद यूपी हाल झुग्गी झोपड़ी बंगाली बस्ती को रविवार की सुबह एसएसआई सतेंद्र बुटोला, एसआई शैलेंद्र ममगई, एसआई संजीत कंडारी ने टीम के साथ खोजबीन करते हुए मोतीचूर फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी दीपक यादव और उसकी पत्नी कूड़ा बीनने का काम करते हैं।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Weather: इन तीन दिनों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, भूस्खलन की संभावना, जानें आज मौसम का मिजाज
कूड़ा बीनने के दौरान पत्नी से मृतक रमेश गुप्ता छेड़छाड़ करता था। साथ ही उसके काम में दखलंदाजी करता था। इसलिए आरोपी दीपक यादव ने शनिवार सुबह मौका देखकर चाकू से कई वार कर रमेश गुप्ता की हत्या कर दी थी। इसके बाद मौके से फरार हो गया था। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।