- चारधाम यात्रा के लिए सीओ यातायात ने बैठक कर दिए निर्देश
हरिद्वार। चारधाम यात्रा के लिए मंगलवार को यातायात पुलिस कार्यालय में टैक्सी यूनियनों के साथ अधिकारियों ने बैठक की। यात्री सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। सीओ यातायात बिपेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में टैक्सी चालकों, वाहन स्वामियों और यूनियन पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी वाहन चालक अपनी निर्धारित किराया सूची (रेट लिस्ट) अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। साथ ही प्रत्येक वाहन में फर्स्ट-एड बॉक्स रखना भी जरूरी होगा जिससे आपात स्थिति में यात्रियों को तुरंत प्राथमिक उपचार मिल सके। सीओ ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। वाहन चालकों को शालीन व्यवहार बनाए रखने, ओवरलोडिंग से बचने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए भी जिम्मेदारी निभाने को कहा गया। बैठक में साफ किया गया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान यातायात निरीक्षक संदीप सिंह नेगी, परिवहन कर अधिकारी रविंद्र सैनी, यातायात उपनिरीक्षक मोहित रौथाण सहित टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।