चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। स्वास्थ्य मंत्री ने कोविड की तीसरी लहर से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि टीकाकरण ही संक्रमण से बचाव है। 31 दिसंबर तक शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य है और अधिकारी इसे पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि जल्द ही हरिद्वार में बनने वाले मेडिकल कॉलेज भवन का भूमि पूजन कराया जाएगा।
मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी सी रविशंकर एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके झा ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को हरिद्वार जनपद के चिकित्सालयों में एंबुलेंस, मानव संसाधनों एवं उपकरणों की स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि वैक्सीनेशन प्राथमिकता में शामिल है। अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। शत-प्रतिशत वैक्सीन लगाने के वाले गांव और वार्ड को इनाम देने की योजना शुरू की है।
स्वास्थ्य मंत्री के कोविड की तीसरी लहर से बचाव की तैयारियों की जानकारी पूछने पर अधिकारियों ने बताया कि एक चेकलिस्ट तैयार की है। उसी के अनुसार तैयारी चल रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों के पोषण के लिए अभियान की शुरूआत की है। बच्चों को कुपोषण से मुक्ति दिलाने पोषण आहार दिया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पतालों में साफ-सफाई समेत सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह चौहान, महामंत्री विकास तिवारी, आदेश सैनी, हल्द्वानी के मेयर डॉ. जोगेंद्र रौतेला, एसीएमओ डॉ. एचडी शाक्य आदि मौजूद रहे।