हरिद्वार। जनपद में अभी डेंगू के डंका असर कम नहीं हुआ था कि देश में कई राज्यों में स्वाइन फ्लू के मरीजों के मामले आने पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है।
शनिवार को सीएमओ कार्यालय में सभी अस्पतालों सहित अन्य अधिकारियों की बैठक में स्वाइन फ्लू से अलर्ट रहने को निर्देश जारी किए गए। सीएमओ ने स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट जारी करते हुए रुड़की और हरिद्वार के जिला अस्पताल में एक-एक आइसोलेशन वार्ड बनाने को कहा है।
हालांकि अभी तक जनपद में किसी मरीज में स्वाइन फ्लू का मामला नहीं आया है। सर्दियों में स्वाइन फ्लू के मरीजों के मामले आते हैं और यह संक्रामक बीमारी है। इसलिए स्वाइन फ्लू से निपटने को जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महकमे पहले से ही तैयारी करनी शुरू कर दी है। स्वाइन फ्लू से निपटने को सीएमओ डा. सुषमा गुप्ता ने सभी अस्पतालों के प्रभारी, केंद्र प्रभारी, अन्य विंगों के अधिकारियों की बैठक लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। सीएमओ ने बताया कि सभी डाक्टरों को निर्देशित किया है, मरीज में लक्षण दिखाई देते ही उसकी जांच करें। बताया कि ऋषिकुल आयुर्वेदिक एवं राजकीय कालेज सहित अन्य प्राइवेट कालेज एवं अस्पतालों में भी अलर्ट को लेटर जारी किया जाएगा।