पथरी क्षेत्र के किसान आजकल काफी परेशान हैं। गन्ने की बुआई शुरू हो गई है लेकिन डीएपी खाद नहीं मिल रही है। खाद के लिए किसान बादशाहपुर स्थित बहुउद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति के चक्कर काटने को मजबूर हैं। इसका असर बुआई पर पड़ रहा है। इससे उत्पादन गिरेगा।
करीब तीन हफ्ते से सहकारी समिति में खाद नहीं है। इससे 20 गांवों के किसान परेशान हैं। खाद के लिए समिति के चक्कर काट रहे हैं। खाद कब तक आएगी किसानों को जानकारी नहीं दी जा रही है। किसानों का कहना है कि खाद नहीं मिली तो बुआई पर असर पड़ेगा। देरी से बुआई शुरू होने से उत्पादन गिरेगा। खाद के बिना गन्ने की बुआई संभव नहीं होगी। समिति से शाहपुर, शेरपुर, बादशाहपुर, नई कुंडी, भट्टीपुर, नसीरपुर खुर्द, नसीरपुर कलां, जसोद्दरपुर, धारीवाला, टिकौला, हरसीवाला, चांदपुर, रानीमाजरा, भुवापुर चमरावल, शिवगढ़, फुलगढ़, गोविंदगढ़, दुर्गागढ़ के किसानों को खाद वितरित होती है।
आजकल खेतों में गन्ने की बुआई चल रही है। डीएपी खाद की सख्त जरूरत है। खाद नहीं मिल रही है। बुआई पर असर पड़ रहा है। - कुलदीप, शाहपुर
पहले ही किसान जंगली जानवरों और अघोषित बिजली कटौती को लेकर परेशान हैं। अब सहकारी समिति में डीएपी खाद नहीं मिल रही है। - देशराज सैनी, रानीमाजरा
जब भी फसलों में खाद की जरूरत होती है सहकारी समिति से समय पर नहीं मिलती है। इससे फसलों की बुआई में देरी होती है। असर उत्पादन पर पड़ता है। - ऋषिपाल सिंह, शेरपुर
खाद की समस्या कई बार अधिकारियों को बताई गई। इसके बाद भी सहकारी समिति में खाद उपलब्ध नहीं हुई है। खाद की समस्या जस की तस बनी हुई है। - सुभाष राठौर, नसीरपुर कलां
विभागीय अधिकारियों को डीएपी खाद की डिमांड भेजी है। जल्द ही खाद आने की उम्मीद है। खाद आने पर किसानों को खाद उपलब्ध करा दिया जाएगा। - चरण सिंह, सचिव, बादशाहपुर बहुउद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति