गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के खेल एवं शारीरिक शिक्षा विभाग में चल रहे कबड्डी के ट्रायल्स को छात्रों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए रुकवा दिया। उन्होेंने विभाग पर छात्र हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। छात्रों को सुविधाएं देने की मांग को लेकर एक छात्र ने आमरण अनशन शुरू कर दिया। हालांकि लिखित आश्वासन मिलने पर अनशन समाप्त हो गया। इस बीच छात्रों और विभाग के शिक्षकों के बीच नोकझोंक भी हुई।
शुक्रवार को दयानंद स्टेडियम में अंतरविभागीय कबड्डी का ट्रायल्स शुरू हुआ। इसी बीच छात्र कल्याण परिषद के अध्यक्ष मोहित चौहान और पूर्व अध्यक्ष गौरव ने खेल विभाग पर भ्रष्टाचार और छात्र हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए विरोध शरू कर दिया। मोहित चौहान ने कहा कि खिलाड़ियों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। इस बीच विवि प्रशासन की ओर से छात्रों और कोच का डीए बढ़ाने का आश्वासन मिलने पर इस गुट के अमन विश्नोई, प्रिंस, गितिक प्रताप, अनंत, राहुल, निशांत चौहान आदि स्टेडियम से चले गए, लेकिन दूसरे गुट के छात्र नेता मांगों पर अड़े रहे।
दूसरे गुट में छात्रसंघ के उपाध्यक्ष अभिषेक चौहान, सह-सचिव श्रेयांश जैन, अजय कुमार, सौरभ पंवार के नेतृत्व में छात्रों ने नारेबाजी करते हुए कबड्डी के ट्रायल्स का विरोध किया। मांगे पूूरी नहीं होने पर छात्र नेता अनुज चौधरी ने आमरण अनशन शुरू कर दिया। शाम तक चले विचार मंथन के बाद खिलाड़ियों को प्रतिवर्ष ट्रैक सूट देने, प्रतिवर्ष खेल प्रतियोगिताएं कराने, टीए-डीए बढ़ाने, छात्रों के लिए सुबह और शाम को जिम खोलने आदि का लिखित आश्वासन मिलने पर आमरण अनशन समाप्त किया गया। खेल एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डा. आरकेएस डागर ने जूस पिलाकर अनुज चौधरी का अनसन समाप्त कराया। इस दौरान मोहित देशवाल, विशु, दीपक, विक्रांत बालियान, सागर, अक्षय, अंकुर, शुभम, अश्वनी, उज्ज्वल, रजत, अंशुल, मुधसूदन, रविंद्र, अंकित आदि मौजूद थे। देर शाम ट्रायल शुरु हो पाया।