एसएमजेएन पीजी कालेज को सीवर की गंदगी से निजात न मिलने पर छात्र बृहस्पतिवार को सड़कों पर उतर आए। छात्र संघ पदाधिकारियों और छात्र ने चंद्राचार्य चौक पर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। छात्रों ने कालेज प्रबंधन, नगर निगम और प्रशासन को जगाने के लिए सांकेतिक रूप से भीख भी मांगी।
शहर के सबसे बड़े महाविद्यालय के खेल मैदान में कई महीनों से सीवर की गंदगी फैली हुई है। नगर निगम से लेकर प्रशासन या अन्य कोई भी विभाग क्षतिग्रस्त सीवर लाइन की मरम्मत नहीं करा पा रहा है। पिछले दिनों छात्रों के हंगामे पर मेयर मनोज गर्ग और एसडीएम मनीष कुमार ने चार दिन में समस्या हल कराने का आश्वासन दिया था, मगर एक पखवाड़ा गुजरने के बावजूद समस्या जस की तस है। कालेज की अनदेखी से खफा छात्र बृहस्पतिवार को कालेज के छात्र संघ अध्यक्ष नवजोत वालिया के नेतृत्व में इकट्ठे होकर चंद्राचार्य चौक पर पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए क्रमिक अनशन शुरू कर दिया।
छात्रों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष नवजोत वालिया ने कहा कि कालेज प्रबंधन, नगर निगम और प्रशासन छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहा है। महासचिव दीपक कुमार ने कहा कि छात्र हित में हर स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। यदि अब भी समस्या हल नहीं हुई तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। क्रमिक अनशन स्थल पर कार्तिक गुप्ता, तरुण अरोड़ा, ओमप्रकाश, हिमांशु, शुभम, आदर्श कुमार, अमन शर्मा, करन शर्मा, आशीष पाठक, सागर, फरमान, हर्षिता, हिमानी, हेमंत चंचल, मिनेश आदि मौजूद रहे।