- श्री भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में हुआ कार्यक्रम
हरिद्वार। श्री भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय ने उत्तराखंड संस्कृत संस्थान की ओर से 18 वीं उत्तराखंड राज्यस्तरीय संस्कृत महोत्सव में नाटक विधा में प्रथम स्थान प्राप्त करने छात्रों को सम्मानित किया। महाविद्यालय की नाट्य-प्रस्तुति भीष्म प्रतिज्ञा की निर्णायकों की ओर से महाविद्यालय को प्रथम पुरस्कार के रूप में 25,000 की नकद राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रवींद्र कुमार और नाटक के मार्गदर्शक डॉ. सुमंत कुमार सिंह, डॉ. सलोनी ने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की प्रतिभा, परिश्रम और संस्कृतनिष्ठ सांस्कृतिक चेतना का प्रतिफल है। कहा कि छात्रों के उत्साहवर्धन के लिए 11000 रुपये की पुरस्कार राशि महाविद्यालय भी छात्रों को प्रदान करेगा। महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रो. यशवीर सिंह ने नाटक के निर्देशक डॉ. सुमंत कुमार सिंह, डॉ. सलोनी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रवींद्र कुमार के मार्गदर्शन में महाविद्यालय शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध हो रहा है। महाविद्यालय छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।