ज्वालापुर क्षेत्र में एक स्कूल से परीक्षा देकर लौट रहे छात्र की एक गुट के छात्रों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। छात्र का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना क्षेत्र के मोहल्ला पांवधोई के एक स्कूल के बाहर घटी। मोहल्ला घासमंडी निवासी फैसल म्युनिसिपल इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र है। बुधवार को वह संस्कृत की परीक्षा देकर घर लौट रहा था। स्कूल से निकलते ही अचानक आ धमके करीब 15 छात्रों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि लाठी डंडों से छात्र को बेरहमी से पीटा गया। मारपीट में छात्र फैसल के सिर में गंभीर चोटें आई। छात्र को बुरी तरह पीटकर हमलावर छात्र फरार होने में कामयाब रहे। इधर, छात्र के परिजन तुरंत स्कूल पहुंच गए। पुलिस ने छात्र को जिला अस्पताल भर्ती कराया। छात्र के सिर में 10 टांके आए हैं। मारपीट की वजह अभी तक पता नहीं चल सकी है। कोतवाली प्रभारी योगेश सिंह देव ने बताया कि लिखित शिकायत आने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। छात्र के साथ मारपीट क्यों की गई इसका पता लगा रहे है।