चिन्मय डिग्री कॉलेज का वार्षिकोत्सव निरस्त करने के विरोध में छात्र नेताओं ने कॉलेज परिसर हंगामा किया। छात्र नेताओं ने वार्षिकोत्सव कराने की मांग को लेकर काॅलेज परिसर में ही प्राचार्य का पुतला फूंक डाला। उन्होंने प्राचार्य की कार के आगे लेटकर प्रदर्शन किया। पुलिस की मौजूदगी में हुई वार्ता में प्राचार्य ने वार्षिकोत्सव कराने का आश्वासन दिया, तब तीन दिन से काॅलेज प्रशासन और छात्राओं के बीच चल रहा गतिरोध समाप्त हुआ।
दरअसल, शहर के चिन्मय डिग्री काॅलेज में तीन जून को वार्षिकोत्सव प्रस्तावित था, लेकिन कॉलेज प्रशासन की ओर से अचानक से प्रस्तावित वार्षिकोत्सव को निरस्त कर दिया गया था। बिना सूचना दिए वार्षिकोत्सव को निरस्त करने पर बुधवार को कॉलेज में छात्र संघ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेताओं ने कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा किया था। बृहस्पतिवार को भी छात्रों ने वार्षिकोत्सव कराने की मांग के लिए विरोध प्रदर्शन और एसडीएम पूरण सिंह राणा को ज्ञापन दिया था। जिसमें वार्षिकोत्सव न कराने पर कॉलेज प्राचार्य का पुतला दहन करने की सूचना एसडीएम को दी गई थी। इस मौके पर छात्र संघ के महासचिव अंकित कुमार, सचिन कुमार, करण सिंह नेगी, अमन बिष्ट, देवदत्त, श्वेता, अंजलि, नीटू, पलवी, दीपशिखा आदि मौजूद रहे।
-
अक्सर विवादों में रहता है कॉलेज
- शहर का चिन्मय डिग्री कॉलेज अक्सर विवादों में रहता है। कभी परीक्षाओं को लेकर तो कभी छात्र संघ चुनाव के लिए कॉलेज प्रशासन और छात्र नेताओं के बीच टकराव होता रहता है। शहर के अन्य कॉलेजों में ऐसी स्थिति देखने को नहीं मिलती है। इससे कॉलेज प्रशासन की कार्यशैली पर कहीं ने कहीं सवाल खड़े हो रहे हैं।
-
छात्र नेताओं की मांग को मान लिया गया है, जिससे वार्षिकोत्सव को कराया जाएगा। लेकिन उन्हें मर्यादा में रहने के लिए भी कहा गया है। ताकि कॉलेज का माहौल खराब न हो सकें।
आलोक अग्रवाल, प्राचार्य
कॉलेज में प्राचार्य अपनी मनमानी करना चाहते हैं। जिससे छात्र अधिकारों का हनन हो रहा है, लेकिन कॉलेज प्रशासन की तानाशाही सहन नहीं की जाएगी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अनुशासन में रहकर छात्र हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी।
शैलेष त्रिपाठी, जिला सह संयोजक, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद