हरिद्वार। वसंत पंचमी स्नान पर्व पर रेलवे स्टेशन से श्रद्धालु सीधे ही हरकी पैड़ी आ जा सकेंगे। उन्हें, तुलसी चौक, शंकराचार्य चौक की ओर डायवर्ट नहीं किया जाएगा। इधर, मुख्य स्नान पर्वों पर सिडकुल से भारी वाहन के हाईवे पर पहुंचने पर सीज की कार्रवाई होना तय है।
आज होने वाले स्नान पर श्रद्धालुओं की कम आमद को देखते हुए अर्द्धकुंभ पुलिस ने यह निर्णय लिया है। अब तक संपन्न हुए मुख्य स्नान पर्वों पर रेलवे स्टेशन बस स्टैंड से आने वाले श्रद्धालुओं को अपर रोड से सीधे हरकी पैड़ी नहीं भेजा गया। उन्हें शिवमूर्ति चौक, तुलसी चौक, शंकराचार्य चौक से होते हुए रोड़ीबेलवाला की ओर से हरकी पैड़ी जाने दिया गया था। लेकिन शुक्रवार को होने वाले स्नान पर्व पर यह व्यवस्था तब तक लागू नहीं होगी जब तक भारी भीड़ न उमड़ पड़े। आईजी अर्द्धकुंभ मेला जीएस मर्तोलिया ने बताया कि रेलवे स्टेशन बस स्टैंड से श्रद्धालु सीधे ही हरकी पैड़ी जाएंगी।
उधर, मुख्य स्नान पर्व के दौरान सिडकुल से भारी वाहन के हाईवे पर आ जाने के मामले में अर्द्धकुंभ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। एएसपी यातायात श्वेता चौबे ने बताया कि सिडकुल से यदि वाहन निकलते है तो उन्हें सीधे सीज कर पुलिस लाइन में पार्क कराया जाएगा। पिछले मुख्य स्नान पर्वों में यह सामने आया है कि सिडकुल से भारी वाहन हाईवे पर आ रहे थे, जबकि उन्हें पहले ही बता दिया गया था कि मुख्य स्नान पर्वों पर भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।